धनबाद में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़:प्रिंस गैंग का शूटर और एसआई घायल; बम भी बरामद, अस्पताल में दोनों इलाजरत

Date:


धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में धनबाद पब्लिक स्कूल के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कुख्यात प्रिंस गैंग का एक शूटर और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मी सरायढेला थाना के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) बालमुकुंद हैं, जबकि घायल अपराधी की पहचान सुजीत ओझा के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए धनबाद के असरफी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस गिरोह का एक शूटर इलाके में रंगदारी वसूलने के लिए पहुंचा हुआ है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इलाके में संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस की घेराबंदी होते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और दोनों तरफ से गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में शूटर घायल, साथी मौके से फरार धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची और इलाके को चारों ओर से घेर लिया, तभी अपराधियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें प्रिंस गैंग का शूटर सुजीत ओझा गोली लगने से घायल हो गया। हालांकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मुठभेड़ के दौरान अपराधियों ने पुलिस पर बम भी फेंका, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से एक बम भी बरामद किया है। घायल अपराधी को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर तुरंत अस्पताल भेज दिया। उसके पास से कुछ आपत्तिजनक सामान मिलने की भी जानकारी मिल रही है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिलने की उम्मीद है। मुठभेड़ में एसआई बालमुकुंद घायल मुठभेड़ के दौरान सरायढेला थाना के एसआई बालमुकुंद भी गोली लगने से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उन्हें हाथ में गोली लगी है। घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें असरफी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। फरार अपराधी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जल्द ही फरार अपराधी को भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं मुठभेड़ की खबर के बाद इलाके में लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा और पुलिस की कार्रवाई को लेकर हलचल देखी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp