![]()
धनबाद में फूड सेफ्टी विभाग ने गुरुवार तड़के मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने पूजा टॉकीज इलाके में एक बस से भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर और घी जब्त किया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बिहार के बख्तियारपुर से आ रही बुंदेला एसी बस से धनबाद में मिलावटी पनीर लाए जाने की सूचना मिली थी। छापेमारी में बस से लगभग 1450 किलोग्राम पनीर और घी के 6 टिन बरामद किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए है। इसे शहर के विभिन्न होटलों और बाजारों में आपूर्ति करने की योजना थी। सभी नमूने फेल हो गए इस छापेमारी का नेतृत्व फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. राजा कुमार ने किया। मौके पर ही पनीर की गुणवत्ता जांच के लिए स्टार्च टेस्ट किया गया, जिसमें सभी नमूने फेल हो गए। प्रारंभिक जांच में पनीर के मिलावटी और निम्न गुणवत्ता का होने की पुष्टि हुई है। कार्रवाई के दौरान बस के चालक और उसके सहयोगी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जब्त खाद्य सामग्री के नमूनों को विस्तृत जांच के लिए स्टेट फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी, रांची भेजा गया है। डीएसपी-2 धीरेंद्र बांका, मनोज पांडे और धनबाद थाना प्रभारी एसआई देव आनंद यादव सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद थे। लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धनबाद में 1450 KG मिलावटी पनीर जब्त:फूड सेफ्टी टीम ने बस से 6 टीन घी भी बरामद, बिहार से लाया जा रहा था मिलावटी पदार्थ
Date:




