![]()
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कासियाटांड़ स्थित 8 लेन के पास एक बंद पड़े पत्थर क्रेशर के समीप लगभग 80 फीट गहरी खदान से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना की पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। खदान की गहराई और दुर्गम स्थिति को देखते हुए पुलिस को शव तक पहुंचने और उसे बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शव से आ रही दुर्गंध, हत्या की आशंका गहराई स्थानीय लोगों के अनुसार, शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना दो से तीन दिन पुरानी हो सकती है। मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की स्थिति और उसके सिर पर मिले गहरे चोट के निशानों ने हत्या की आशंका को और मजबूत कर दिया है। आसपास के लोगों का मानना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर शव को छिपाने के उद्देश्य से खदान में फेंक दिया गया है। स्थानीय निवासी मनोहर महतो ने बताया कि यह मामला सामान्य नहीं लग रहा है। इसमें आपराधिक साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे जांच में पुलिस को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पहचान की कोशिश जारी बरवाअड्डा थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि सबसे पहले शव को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। घटनास्थल के आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस जांच का दायरा बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
धनबाद में 80 फीट गहरी खान से मिली बॉडी:मृतक की नहीं हो सकी है पहचान, शव से आ रही दुर्गंध, हत्या की आशंका गहराई
Date:




