![]()
रांची नगर निगम द्वारा राजस्व चोरी और भवन संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए शहर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को निगम की राजस्व शाखा और नगर निवेशक शाखा की संयुक्त टीम ने दो प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। हिनू स्थित सृष्टि हॉस्पिटल में जांच के दौरान पाया गया कि संस्थान ने नगर निगम को 14,100 वर्गफीट क्षेत्रफल घोषित किया था, जबकि स्थल निरीक्षण में वास्तविक क्षेत्रफल 24,870 वर्गफीट पाया गया। इसी तरह अरगोड़ा चौक स्थित संतति आईवीएफ एवं लिटिल हार्ट हॉस्पिटल ने 19,700 वर्गफीट क्षेत्रफल घोषित किया था, जबकि जांच में 32,127 वर्गफीट क्षेत्रफल पाया गया। नगर निवेशक शाखा की जांच में यह भी सामने आया कि भवन का नक्शा G+2 रेजिडेंशियल कम कमर्शियल के रूप में स्वीकृत था, जबकि स्थल पर G+3 भवन का निर्माण कर उसे पूरी तरह व्यावसायिक उपयोग में लिया जा रहा है। साथ ही पार्किंग की व्यवस्था नहीं है और सेटबैक क्षेत्र में अतिक्रमण भी पाया गया। नगर निगम ने दोनों परिसरों पर झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही शहर में इस तरह का निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
नगर निगम की टीम ने निरीक्षण कर पकड़ी गड़बड़ी:दो अस्पतालों का क्षेत्रफल घोषित एरिया से हजारों वर्गफीट ज्यादा
Date:




