नगर पंचायत चुनाव बहिष्कार का किया ऐलान:पांच किलोमीटर दूरी, फिर भी पक्की सड़क नहीं, सैकड़ों ग्रामीणों ने निकाला जुलूस

Date:


गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड अंतर्गत श्रीरामडीह गांव में नगर पंचायत चुनाव से पहले बड़ा विरोध सामने आया है। सड़क और भारी होल्डिंग टैक्स के मुद्दे पर रविवार को सैकड़ों महिला-पुरुषों ने गांव में विशाल जुलूस निकालकर चुनाव के पूर्ण बहिष्कार की घोषणा कर दी। हाथों में तख्तियां-बैनर लेकर ग्रामीण पूरे गांव में घूमे और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक बुनियादी सुविधाएं मुहैया नहीं कराई जातीं, तब तक गांव का कोई भी मतदाता मतदान केंद्र पर नहीं जाएगा। लोगों का आरोप है कि वर्षों से मांग के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पांच किलोमीटर दूरी, फिर भी पक्की सड़क नहीं ग्रामीणों के अनुसार श्रीरामडीह से सरिया बाजार स्थित नगर पंचायत मुख्यालय की दूरी महज पांच किलोमीटर है, लेकिन आज तक पक्की सड़क नहीं बन पाई। बरसात में कच्ची सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता है। स्कूली बच्चों, कॉलेज जाने वाले छात्रों और मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। आपात स्थिति में अस्पताल पहुंचना भी चुनौती बन जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन आश्वासन के सिवा कुछ नहीं मिला। मिट्टी के मकानों पर भारी टैक्स से बढ़ी नाराजगी ग्रामीणों ने मिट्टी के मकानों पर भारी होल्डिंग टैक्स लगाए जाने का भी विरोध किया। उनका कहना है कि अधिकांश परिवार मजदूरी और खेती-बाड़ी से जीवनयापन करते हैं। ऐसे में हजारों रुपये का टैक्स देना संभव नहीं है। लोगों ने सवाल उठाया कि जब गांव में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं हैं, तो टैक्स किस आधार पर वसूला जा रहा है। जुलूस के बाद आयोजित सभा में सर्वसम्मति से चुनाव बहिष्कार का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी कि सुविधाएं मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp