Monday, March 30, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

नालंदा में कुंडलपुर महोत्सव का शुभारंभ:कुंडलपुर की धरती से गूंजा भगवान महावीर का संदेश, मंत्री ने कहा- महोत्सव पर्यटन को नई दिशा दे रहा


भगवान महावीर की जन्मभूमि कुंडलपुर में सोमवार को ‘कुंडलपुर महोत्सव 2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री श्रवण कुमार और पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री अरुण शंकर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर पूरा परिसर ‘भगवान महावीर की जय’ के जयकारे से गूंजा। मुख्य अतिथि श्रवण कुमार ने कहा कि कुंडलपुर महोत्सव नालंदा की गौरवशाली सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का प्रतीक है। महोत्सव न केवल पर्यटन को नई दिशा दे रहा है, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के द्वार भी खोल रहा है। मंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से शुरू किए गए शराबबंदी अभियान का जिक्र करते हुए इसे भगवान महावीर के उपदेशों के अनुरूप एक प्रगतिशील कदम बताया। उन्होंने क्षेत्र के विकास और महावीर के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वैश्विक संघर्षों के बीच प्रासंगिक है सत्य-अहिंसा पर्यटन मंत्री अरुण शंकर ने अपने संबोधन में वर्तमान वैश्विक हालातों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया के विभिन्न हिस्सों में युद्ध और संघर्ष की स्थिति है, तब भगवान महावीर का ‘सत्य और अहिंसा’ का मार्ग ही विश्व शांति का एकमात्र विकल्प है। उन्होंने कुंडलपुर की धरती को नमन करते हुए कहा कि यहां की पवित्रता संपूर्ण मानव समाज को नई राह दिखाती है। महोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। परिसर में लगाए गए हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद और पारंपरिक व्यंजनों के स्टालों पर भारी भीड़ देखी गई।
इनकी रही उपस्थिति इस ऐतिहासिक अवसर पर उप विकास आयुक्त, कुंडलपुर जैन समिति के मंत्री विजय कुमार जैन, अध्यक्ष स्वामी रविंद्र, दिल्ली से आए अतुल जैन, चिरंजीलाल कासलीवाल (पटना), चन्द्रशेखर कासलीवाल (नासिक), सुमतिदेवी कासलीवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।

Spread the love

Popular Articles