![]()
बेगूसराय सदर के नीमा चांदपूरा थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आगामी ईद, रामनवमी और चैती दुर्गा मेला को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुलाई गई थी। इसकी अध्यक्षता थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने की। बैठक में सभी पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों से सुझाव भी मांगे गए, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। पूजा समिति के सदस्यों ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग रखी। इस अवसर पर थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ अपने पर्व मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने या अशांति पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपप्रमुख आनंदराज, पूर्व मुखिया सुरेंद्र सहनी, चांदपूरा पंचायत के सरपंच कृष्णदेव और मुखिया मोहम्मद असगर इमाम , समाजसेवी कन्हैया कुमार सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। अंत में, सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में क्षेत्र में शांति, भाईचारा और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
नीमा चांदपूरा थाना में शांति समिति की बैठक:ईद, रामनवमी, दुर्गा मेला की सुरक्षा पर चर्चा
Date:




