![]()
भास्कर न्यूज | रानीपतरा बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 के तहत अनुसूचित जाति व महादलित समुदायों के सर्वांगीण विकास के लिए जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बिक्रमपुर पंचायत के महेंद्रपुर पलासी महादलित टोला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने डायन प्रथा जैसी सामाजिक बुराई पर मर्मस्पर्शी प्रस्तुति दी। नाटक के माध्यम से बताया गया कि बीमारी होने पर झाड़-फूंक का सहारा लेना खतरनाक हो सकता है और लोगों को डॉक्टर से इलाज कराना चाहिए। कलाकारों ने संदेश दिया कि डायन जैसी कोई चीज नहीं होती, यह केवल अंधविश्वास है जो कई परिवारों को बर्बाद कर देता है। नाटक के जरिए ग्रामीणों को विधवा, दिव्यांग और वृद्धजन पेंशन की बढ़ी हुई राशि की जानकारी भी दी गई। साथ ही महिलाओं की तरक्की से बिहार की प्रगति का संदेश भी साझा किया गया। नाटक की प्रस्तुति कलाकार राकेश कुमार, निर्मल कुमार, अनुज कुमार, कन्हैया कुमार, बिक्रम कुमार, किशन कुमार, अंकित कुमार, किरण कुमारी, अशोक कुमार और श्रवण कुमार की टीम ने दी। ग्रामीणों ने कलाकारों के प्रदर्शन की सराहना की और सामाजिक सुधार का संकल्प लिया। इस मौके पर वार्ड सदस्य अजीत ऋषि, आंगनबाड़ी सेविका कंचन कुमारी, सहायिका पोली देवी और स्थानीय ग्रामीण जलधर ऋषि सहित कई लोग मौजूद रहे।
नुक्कड़ नाटक में दिया डायन प्रथा जैसी सामाजिक बुराइयों से बचने की अपील
Date:




