![]()
लातेहार| लातेहार उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने जिले में पर्यटन और खेल गतिविधियों को नई ऊंचाई देने के लिए गुरुवार को बैठक की। इसमें जिले की प्राकृतिक संपदा को विश्वस्तरीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण नीतिगत निर्णय लिए गए। बैठक में पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं खेल गतिविधियों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान नेतरहाट क्षेत्र अंतर्गत सभी होटल, लॉज एवं होम-स्टे के निबंधन एवं उपयोगिता शुल्क निर्धारण हेतु समिति गठन का निर्णय लिया गया। साथ ही, पर्यटन क्षेत्र में पारदर्शिता एवं सुव्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वही नेतरहाट क्षेत्र में पार्किंग स्थलों को चिन्हित करते हुए उन्हें व्यवस्थित रूप से संचालित करने एवं यातायात नियंत्रण को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। वही पर्यटन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जेएपीआईटी के माध्यम से एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) का गठन करने का निर्णय लिया गया। इसमें ईको-टूरिज्म और लेखा विशेषज्ञों की टीम काम करेगी। इसके अलावे नेतरहाट स्थित शैले हाउस में कार्यालय संचालन के लिए जरुरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, नेतरहाट पर्यटन विकास प्राधिकरण अंतर्गत विभिन्न कार्यों के लिए जरुरी व्यय स्वीकृत करने की बात कही। जिसमें होमगार्ड के मानदेय भुगतान, सीसीटीवी कैमरा स्थापना, कार्यालय संचालन हेतु आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था, पर्यटन स्थलों पर आयरन डस्टबिन की उपलब्धता, कचरा प्रबंधन एवं आवश्यक स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शामिल हैं। बैठक में लमटिया डैम में नौका संचालन को सुव्यवस्थित करने एवं संबंधित प्रक्रिया को पूर्ण करने का भी निर्देश दिया गया, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिल सके। इसे लेकर उपायुक्त ने जिला खेल सह पर्यटन पदाधिकारी अविनेश कुमार त्रिपाठी को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने सहित कई निर्देश दिए।
नेतरहाट इलाके के होटल, लॉज व होम-स्टे के निबंधन व शुल्क के िलए कमेटी बनेगी
Date:




