नेपाल चुनाव के बाद खुली भारत-नेपाल सीमा:72 घंटे बाद आवाजाही शुरू, कुनौली-भीमनगर बाजार में लौटी रौनक, व्यापार फिर पटरी पर

Date:


सुपौल से सटे पड़ोसी देश नेपाल में 5 मार्च को आयोजित संसदीय चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से 72 घंटे के लिए बंद की गई भारत-नेपाल सीमा शुक्रवार की सुबह खुलते ही सीमावर्ती इलाकों में रौनक लौट आई। सीमा खुलते ही कुनौली और भीमनगर बाजार में फिर से लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी और दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई देने लगी। तीन दिनों तक सीमा बंद रहने के कारण सीमावर्ती बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ था। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नेपाल से आने वाले ग्राहकों की कमी के कारण व्यापार पर खासा असर पड़ा था। लेकिन जैसे ही सीमा खोली गई, बाजारों में फिर से चहल-पहल शुरू हो गई और व्यापारियों के चेहरे पर भी रौनक लौट आई। सीमा खुलने के बाद भीमनगर बाजार, सहरसा चौक बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में नेपाली यात्रियों की अच्छी-खासी आवाजाही देखने को मिली। आवाजाही की 2 तस्वीरें… भारतीय बाजार पर निर्भर रहते हैं नेपाल के लोग
बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों के कारण दुकानों पर भी भीड़ बढ़ने लगी है। सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजमर्रा की जरूरतों की खरीदारी के लिए नेपाल से बड़ी संख्या में लोग भारतीय बाजारों पर निर्भर रहते हैं, ऐसे में सीमा खुलने का सीधा असर व्यापार पर भी देखने को मिला। स्थानीय दुकानदार सतेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार, रुपेश कुमार, रंजन भगत, चंदन साह और संतोष कुमार ने बताया कि सीमा खुलने के बाद नेपाल से आने वाले ग्राहकों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। इससे बाजार में फिर से रौनक लौट आई है और व्यापार में भी जान आ गई है। उनका कहना है कि सीमावर्ती बाजारों की अर्थव्यवस्था काफी हद तक नेपाल से आने वाले ग्राहकों पर निर्भर करती है। यात्रियों का आना-जाना फिर से शुरू
वहीं भीमनगर बस स्टैंड के किरानी राम बाबू गुप्ता, सोहन मिश्रा, मनीष मेहता और प्रभु मिश्रा ने बताया कि सीमा बंद रहने के दौरान नेपाली यात्रियों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई थी, जिससे बसों का संचालन भी प्रभावित हुआ था। अब सीमा खुलने के बाद यात्रियों का आना-जाना फिर से शुरू हो गया है। इस संबंध में एसएसबी 45वीं बटालियन मुख्यालय वीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि नेपाल में संसदीय चुनाव के कारण एहतियातन 72 घंटे के लिए सीमा को बंद किया गया था। अब सीमा खोल दी गई है और दोनों देशों के लोगों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर सीमा पर सघन जांच के बाद ही लोगों को आने-जाने की अनुमति दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Join Us WhatsApp