![]()
भास्कर न्यूज|गिरिडीह पचंबा थाना क्षेत्र के लौहपिट्टी में संचालित माईका फैक्ट्री में एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते के निर्देश पर छापेमारी की गई। सैकड़ों बंद बोरे में माइका पाउडर को जब्त किया गया और उसके दस्तावेज की मांग की गई है। फिलहाल टीम ने माइका जब्त कर फैक्ट्री को तत्काल सील कर माइनिंग विभाग को हैंडओवर कर दिया है। अब माइनिंग विभाग इसकी जांच में जुटी है कि जब्त माइका पाउडर वैध है या अवैध। जानकारी के मुताबिक गिरिडीह के ही एक शख्स ने झारखंड सरकार के एक वरीय अधिकारी को सूचना दी थी कि उक्त फैक्ट्री परिसर में 2 करोड़ कीमत की उच्च कोटि का अवैध माइका स्टॉक है, जिसे देर शाम में चाइना भेजने की तैयारी की जा रही है। यह सूचना गिरिडीह जिला प्रशासन को जैसे ही मिली कि आनन-फानन में टीम का गठन किया गया, जिसमें पचंबा थाना व माइनिंग विभाग भी शामिल था। टीम ने देर शाम को फैक्ट्री में छापेमारी की, जहां उच्च कोटि का माइका तो नहीं मिला, लेकिन बड़े पैमाने पर माइका पाउडर बरामद किया गया है,जो बोरों में बंद है। हालांकि कार्रवाई की भनक लोगों को घटना के दो दिन बाद मिली। एसडीएम श्री विस्पुते ने कहा कि जिस तरह सूचना थी, वैसा कुछ नहीं मिला। वहीं माइनिंग इंस्पेक्टर विश्वनाथ उरांव ने कहा कि 11 मार्च को छापेमारी की गई पर वहां माइका तो नहीं मिला, कुछ माइका पाउडर बोरा में बंद है, जिसे सील किया गया है और उसकी जांच की जा रही है। यहां करीब 3 लाख का माइका डस्ट स्टॉक : संजय बगेड़िया संचालक संजय बगेड़िया ने कहा कि माईका डस्ट छनाई का कार्य करने के लिए दो माह पूर्व इस यूनिट को स्थापित किया गया है। वर्तमान में यहां केवल परीक्षण कार्य चल रहा था। अभी तक यहां से किसी प्रकार व्यावसायिक बिक्री या अन्य गतिविधि प्रारंभ नहीं की गई है। यूनिट में स्टॉक माईका पाउडर की अनुमानित कीमत 3 लाख के करीब है। प्रशासन की हर जांच में सहयोग के लिए तैयार हैं।
पचंबा लौहपिट्टी की माइका फैक्ट्री में छापेमारी, सैकड़ों बोरा डस्ट जब्त
Date:




