![]()
पटना नगर निगम के कर्मी अब यूनीफॉर्म में दिखेंगे। निगम के चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को नई वर्दी मिलेगी। निगम में काम कर रहे स्थायी और दैनिक कर्मियों को होली के बाद वर्दी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके प्रस्ताव को निगम प्रशासन की ओर से सशक्त स्थायी समिति की बैठक में पास कर दिया गया है। इसके अनुसार, निगम के विभिन्न अंचलों और मुख्यालय में कार्यरत कुल 4866 चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी इस योजना से लाभान्वित होंगे।
महिला-पुरुष कर्मचारियों को मिलेंगे दो-दो सेट वर्दी पटना नगर निगम में 1025 स्थायी कर्मी और 3841 दैनिक कर्मी काम करते हैं। सभी कर्मचारियों को हर साल वर्दी उपलब्ध कराने का प्रावधान है। इसमें पुरुष कर्मचारियों को 2 सेट फुल पैंट-शर्ट और एक जोड़ी जूता दिया जाएगा, जबकि महिला कर्मचारियों को दो साड़ी, दो पेटीकोट, दो ब्लाउज और एक जोड़ी जूता उपलब्ध कराया जाएगा। वर्दी की दरें वित्त विभाग की ओर से पूर्व निर्धारित मानकों के अनुरूप तय की गई हैं। काम के दौरान अनुशासन और एकरूपता बनी रहेगी निगम प्रशासन का कहना है कि वर्दी उपलब्ध कराने से कर्मचारियों की पहचान स्पष्ट होगी, काम के दौरान अनुशासन और एकरूपता बनी रहेगी और साथ ही स्वच्छता संबंधी कार्यों में पेशेवर छवि भी सुदृढ़ होगी। मेयर सीता साहू ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और अनुशासन के लिए सभी कर्मचारियों को वर्दी उपलब्ध कराई जाएगी। होली के बाद कार्यादेश निकल जाएगा, जिसके 4 से 5 दिन के भीतर सभी के बीच वर्दी बांट दी जाएगी। साल 2024 में कुछ कर्मियों को वर्दी के स्थान पर नगद राशि का भुगतान किया गया था, लेकिन इस साल प्रत्यक्ष रूप से वर्दी उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
1.37 करोड़ रुपए वर्दी के लिए खर्च होने की संभावना निगम की ओर से एक पुरुष कर्मचारी पर 2 सेट वर्दी और जूता सहित कुल 2,877 रुपए खर्च होंगे। इसी तरह एक महिला कर्मचारी पर कुल 2,373 रुपए खर्च का अनुमान है। निगम में कार्यरत 4317 पुरुष कर्मियों पर लगभग 1.24 करोड़ रुपए और 549 महिला कर्मियों पर करीब 13.02 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया गया है। इस प्रकार कुल मिलाकर 1 करोड़ 37 लाख 22 हजार 786 रुपए की राशि वर्दी आपूर्ति पर खर्च होने की संभावना है।
पटना नगर निगम के कर्मी अब यूनीफॉर्म में दिखेंगे:होली के बाद महिला-पुरुष कर्मचारियों को मिलेंगे दो-दो सेट वर्दी, 1.37 करोड़ रुपए होंगे खर्च
Date:




