Top 5 This Week

Related Posts

पटना में बस एजेंटों के बीच हिंसक झड़प:सवारी बैठाने को लेकर पथराव, बस के शीशे टूटे, कई यात्री घायल


पटना के फुलवारीशरीफ स्थित सोन नहर रोड पर गुरुवार देर शाम बस एजेंटों के बीच सवारी बैठाने को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें कई यात्री घायल हो गए और एक बस के शीशे टूट गए। जानकारी के अनुसार, पटना से पाली जाने वाली बसों में यात्रियों को बैठाने को लेकर दो एजेंटों के बीच पहले कहासुनी हुई। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के एजेंटों, चालकों और कंडक्टरों के बीच मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों गुटों के लोग आमने-सामने आ गए और सड़क पर ही लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इससे इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बस के शीशे पूरी तरह चकनाचूर कर दिए गए। अचानक हुई इस घटना से बस में बैठे यात्रियों में भगदड़ मच गई। अपनी जान बचाने के लिए यात्री इधर-उधर भागने लगे। इस पथराव में कई यात्रियों को चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 को दी। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही सभी हमलावर फरार हो गए थे। लोगों का कहना है कि सड़क पर खुलेआम हमला किया गया और बस को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया, यहां तक कि यात्रियों को भी नहीं बख्शा गया। इस संबंध में फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष गुलाम मोहम्मद शाहबाज आलम ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवेदन मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Popular Articles