![]()
पटना के धनरूआ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार हाईवा ने डायल 112 पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। यह घटना भखरी पुल के पास हुई, जिसमें पुलिस वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस टक्कर के बाद हाईवा रेलिंग से टकराकर उसमें आग लग गई। इस दौरान मौका पाकर ट्रक ड्राइवर फरार हो गया, लेकिन खलासी को पुलिस टीम ने दबोच लिया है। उसका नाम पंकज कुमार है, जो जहानाबाद का निवासी है। इस हादसे में पुलिस वाहन में सवार एक अधिकारी, ड्राइवर और महिला आरक्षी को हल्की चोटें आईं है। दमकल टीम ने आग पर पाया काबू सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे हाईवा के खलासी पंकज कुमार को डायल 112 के पदाधिकारी ने पीछा कर पकड़ लिया, जबकि ड्राइवर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे; हल्की चोटें आईं गाड़ी में सवार एएसआई मोहम्मद असलम कुरैशी ने बताया कि, वे ड्राइवर दिलीप कुमार और महिला आरक्षी मोनी कुमारी के साथ भखरी गांव जा रहे थे। उन्हें सूचना मिली थी कि भखरी गांव में एक बारात में कुछ लड़कियों के साथ छेड़खानी हुई है। इसी सूचना पर वे मौके पर जा रहे थे। जैसे ही डायल 112 की गाड़ी भखरी पुल के नजदीक पहुंची, पीछे से आ रहे बालू लदे हाईवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। पुलिसकर्मी तुरंत गाड़ी से बाहर निकले और हाईवा को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने के क्रम में रेलिंग से टकराकर जल उठा। पुलिस ने घटना की जानकारी धनरूआ थाना प्रभारी और पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में लगी आग को बुझाया।
पटना में हाईवा ने डायल 112 गाड़ी को ठोका:टक्कर के बाद हाईवा में लगी आग, ड्राइवर फरार; पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे
Date:




