![]()
भागलपुर सेंट्रल जेल में सजा काट रहे कैदी प्रमोद तांती की इलाज के समय मौत हो गई। वह अपनी पत्नी की हत्या के मामले में पिछले चार साल से जेल में बंद था। पहले प्रमोद तांती जमुई जेल में बंद था, लेकिन सुरक्षा कारणों से करीब छह महीने पहले उसे भागलपुर सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था। करीब दस दिन पहले जेल प्रशासन ने परिजनों को सूचना दी थी कि प्रमोद तांती की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। इसके बाद उसे इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मायागंज में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन आज इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां सुकून देवी ने बताया कि बेटे की तबीयत खराब होने की खबर मिलने के बाद से परिवार बेहद चिंतित था। उन्होंने कहा कि अचानक मौत की सूचना से पूरा परिवार टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई को तबियत में सुधार की थी उम्मीद भाई गुड्डू तांती ने बताया कि परिवार को उम्मीद थी कि इलाज से प्रमोद की स्थिति में सुधार होगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। जेल प्रशासन की ओर से बताया गया कि कैदी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उसे अस्पताल भेजा गया था और इलाज में कोई कोताही नहीं बरती गई। नियमानुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर जरूरी कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पत्नी का हत्या करने वाले पति की मौत:भागलपुर सेंट्रल जेल के कैदी की अस्पताल में गई जान; परिजनों को मिली थी बीमार होने की सूचना
Date:




