Monday, March 30, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पलामू के जंगल में गढ़वा के किशोर का शव मिला:हादसे के बाद शव को फेंके जाने की आशंका, मानसिक रूप से अस्वस्थ था किशोर


पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र में होलमरवा जंगल से सोमवार को एक किशोर का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव की पहचान गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के मानपुर गांव निवासी खखनू अंसारी के 13 वर्षीय पुत्र मिन्हाज अंसारी के रूप में की है। आशंका जताई जा रही है कि किशोर की मौत किसी हादसे में हुई और बाद में उसके शव को जंगल में फेंक दिया गया। सूचना मिलने पर चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि किशोर की मौत किसी भारी वाहन की चपेट में आने से हुई है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद शव को जंगल में फेंके जाने की आशंका है। मृतक मिन्हाज अंसारी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है और वह अक्सर सड़क पर घूमता रहता था। परिजनों ने भी इसकी पुष्टि की है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वह अपने घर गढ़वा से इतनी दूर पलामू के केल्हार गांव तक कैसे पहुंचा। ग्रामीणों के अनुसार, शव की स्थिति बेहद भयावह थी और शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Spread the love

Popular Articles