Top 5 This Week

Related Posts

पलामू के पांकी में बुजुर्ग को गोली मारकर लूट:घर में घुसकर वारदात, विरोध करने पर मारी गोली, अपराधी हुए फरार


पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत जोबला गांव में शनिवार रात बेखौफ अपराधियों ने एक 55 वर्षीय बुजुर्ग को गोली मार दी। घायल की पहचान बैजनाथ सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) रेफर किया गया है। गोली उनके पैर में लगी है। घटना रात करीब 9 बजे की है, जब बैजनाथ सिंह अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान चार हथियारबंद अपराधी वहां पहुंचे और जबरन घर में घुसकर लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। पत्नी ने सुनाई आपबीती, अचानक घुसे थे अपराधी घटना को लेकर घायल की पत्नी ने बताया कि चारों अपराधी अचानक घर पहुंचे और बिना कुछ कहे अंदर घुस गए। उन्होंने घर में रखे सामान की तलाशी लेनी शुरू कर दी। जब बैजनाथ सिंह ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घायल बैजनाथ सिंह ने भी पुलिस को दिए बयान में लूटपाट की पुष्टि की है। बताया कि विरोध करने पर उन्हें निशाना बनाया गया। अफीम की कमाई पर नजर की चर्चा तेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के बीच इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बताया जा रहा है कि बैजनाथ सिंह ने हाल ही में अफीम की खेती की थी और उसे बेचकर अच्छी खासी रकम हासिल की थी। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों को इसी रकम की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इसे जांच के दायरे में रखा गया है। मौके से खोखा बरामद, जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है, जिससे स्पष्ट है कि अपराधियों ने फायरिंग की थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अपराधियों की पहचान के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Spread the love

Popular Articles