![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोकचो ओपी के कोकचो गांव में एक युवक ने घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 32 वर्षीय हरिचरण जोंको, पिता बुरुंडा जोंको के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हरिचरण जोंको मजदूरी करके परिवार का गुजारा करता था। शुक्रवार सुबह उसका अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद वह घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर हेसाडीह फुटबॉल मैदान के पास एक कुएं के पास पहुंचा और रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ग्रामीणों की नजर पड़ने पर घटना का पता चला। तत्काल गांव के मुंडा को सूचित किया गया, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनमें तीन बेटे और एक बेटी शामिल हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, हरिचरण एक मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।

