![]()
यूनाइटेड क्रिश्चियन फोरम पाकुड़ की ओर से मंगलवार को ईस्टर पर्व के उपलक्ष्य में ख्रिस्ट राजा शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभा यात्रा में जिला मुख्यालय और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोगों ने भाग लिया। यह शोभा यात्रा जिला मुख्यालय के गोकुलपुर स्थित धनुष पूजा मेथोडिस्ट चर्च मैदान से प्रारंभ हुई। यह पाकुड़-दुमका मुख्य पथ होते हुए डीसी आवास, रविंद्र चौक, भगतपाड़ा, इंदिरा चौक, बिरसा चौक, अंबेडकर चौक, हिरण चौक, गांधी चौक और खुदीराम बोस चौक से गुजरी। यात्रा का समापन जिदातो मिशन ग्राउंड में हुआ। शोभा यात्रा में प्रभु ईसा मसीह के जीवन पर आधारित झांकियां प्रदर्शित की गईं। इस दौरान मौजूद लोग हाथों में खजूर की डालियां लिए प्रभु का स्मरण करते देखे गए। सैकड़ों की संख्या में ईसाई समुदाय के लोगों ने देश में शांति और अमन के लिए प्रार्थना की।
यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पाकुड़ एसडीओ साइमन मरांडी और एसडीपीओ दयानंद आजाद के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवान और अधिकारी मौजूद थे। शोभा यात्रा का स्वागत विभिन्न चौक-चौराहों पर शीतल पेयजल पिलाकर किया गया। इसे देखने के लिए सड़कों के किनारे लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कुछ स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी, जिसे पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मुस्तैदी से नियंत्रित किया। मिशन ग्राउंड में यात्रा समाप्त होने के बाद एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें यूनाइटेड क्रिश्चियन फोरम पाकुड़ से जुड़े विभिन्न चर्चों के फादरों ने शांति प्रार्थना की। उन्होंने ख्रिस्ट राजा शोभा यात्रा निकालने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की शांति के लिए प्रार्थना की।


