![]()
समस्तीपुर में शराब कारोबार के मामले में 35 साल के किसान सुधांशु कुमार उर्फ शर्मा की गला काटकर हत्या की गई थी। किसान 10 मार्च को घर से बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। तीन दिन बाद एक खेत में उसका धड़ बरामद किया गया। धड़ मिलने के बाद पुलिस ने परिजन की शिकायत पर शक के आधार पर विवेक पासवान उर्फ मलिंगा को गिरफ्तार कर पूछताछ की। धड़ मिलने के करीब 50 घंटे बाद मलिंगा पुलिस हिरासत में घटनास्थल से 100 मीटर दूर पहुंचा, जहां उसने सुधांशु के सिर को छिपाकर रखा था। सिर बरामद किए जाने के बाद मृतक के भतीजे ने उसे झोले में रखा और अस्पताल लेकर पहुंचा। पहले हत्याकांड की ये 3 तस्वीरें देखिए अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए हत्या की पूरी कहानी भुसारी की रहने वाली मृतक की पत्नी 32 साल की सोनम कुमार ने 13 मार्च को मुफ्फसिल थाना को दिए गए लिखित आवेदन में बताया कि 15 लोगों ने मिलकर मेरे पति की हत्या की है। सोनम ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब 8 बजकर 30 मिनट पर 6 बाइक से 15 लोग मेरे घर आए। आरोपियों में शामिल विकेश पासवान उर्फ मलिंगा ने मेरे पति को मटन पार्टी के लिए चलने को कहा। इसके बाद मलिंगा ने मेरे पति को अपनी बाइक पर बैठा लिया। मृतक की पत्नी के मुताबिक, जाने के दौरान सुधांशु ने कहा कि एक घंटे में वापस आ जाऊंगा। लेकिन दो घंटे तक वे नहीं आए। जब मैंने पति के मोबाइल पर कॉल किया, तो उनका फोन स्विच ऑफ था। मैं बार-बार पति के मोबाइल पर फोन करती रही लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ ही रहा। सोनम के मुताबिक, जब सुधांशु घर नहीं लौटे तो मेरे ससुर और परिवार के अन्य सदस्य गांव में काफी देर तक उनकी खोजबीन करते रहे, लेकिन कुछ पता नहीं चला। 11 मार्च की सुबह रिश्तेदारों के घर जाकर पूछताछ की गई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। 12 मार्च को हम लोग मलिंगा के घर पहुंचे, लेकिन वो घर पर नहीं था। इसके बाद दीपक नाम के एक अन्य आरोपी को पकड़ा गया, उसने बताया कि सुधांशु की हत्या कर दी गई है, लेकिन लाश कहां है, हमें नहीं पता। 13 को सुबह 9 बजे बंजर पड़े जमीन में दफनाई मिली बॉडी सोनम के मुताबिक, हम लोगों को दीपक की बातों पर भरोसा नहीं था। हम लोग 13 मार्च को पुलिस के पास जाने की सोच रहे थे, कि सुबह 9 बजे के करीब गांव में शोर मचा कि भुसारी पछियारी पासवान टोला में बंजर पड़े जमीन में गड्ढा खोदकर मेरे पति की लाश को दफनाया गया है। मैं घटनास्थल पर पहुंची और पति के कपड़ों से उनकी पहचान की। सोनम ने बताया कि पति का सिर गायब था। शरीर पर भी 18 से 20 स्थान पर जख्म के निशान थे। दोनों पैर पर भी धारदार हथियार से वार किया गया था। इसके अलावा, पीठ, पेट और गर्दन पर भी वार के निशान थे। अब जानिए, आरोपियों ने क्यों की सुधांशु की हत्या? पुलिस ने मुख्य आरोपी मलिंगा की गिरफ्तारी उसके ससुराल से की गई। पूछताछ में उसने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। उसके निशानदेही पर ही सिर बरामद किया गया। इसके बाद चार अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल, गिरफ्तार किए गए सभी 5 आरोपियों से पूछताछ जारी है। जानकारी के मुताबिक, सुधांशु उर्फ शर्मा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसने शराब का कारोबार शुरू किया था। शराब के कारोबार में मुख्य आरोपी मलिंगा और गांव के कुछ अन्य लोग भी सुधांशु के साथ जुड़े थे। शराब के कारोबार को लेकर ही सुधांशु और मलिंगा के बीच तनातनी हुई थी। दरअसल, मलिंगा अपना खुद का शराब का कारोबार शुरू करना चाहता था। चूंकि सुधांशु ऊंची जाति से था, इसलिए मलिंगा सीधे तौर पर सुधांशु से इस बारे में बातचीत नहीं कर पाता था। इसलिए उसने अपने साथियों के साथ साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक, 10 मार्च की रात मलिंगा अपने साथियों के साथ सुधांशु को उसके घर से बाइक से अपने साथ ले गया। सुधांशु के घर से 500 मीटर दूर तलवार से गर्दन काटकर उसकी हत्या कर दी गई। घटनास्थल से 100 मीटर दूर एक बन रहे मकान के लिए रखे गए रेत के नीचे सिर को छिपा दिया। वारदात में यूज किए गए तलवार को भी वहीं छिपाकर रखा गया था। मुफ्फसिल थाना के SHO बोले- पूछताछ जारी है मुफस्सिल इंस्पेक्टर सह थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि घटनास्थल से ही करीब 100 मीटर की दूरी पर सिर बरामद किया गया है। 5 लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पार्टी के बहाने बुलाकर किसान की सिर काटकर हत्या:पत्नी बोली- 15 लोगों ने मिलकर पति को मार डाला, घर से 500 मीटर दूर मिला धड़
Date:




