![]()
भागलपुर जिले के पीरपैंती नगर पंचायत के वार्ड संख्या 7 और 8 में सड़क की स्थिति बदहाल है। वर्षों पहले बनी यह सड़क अब पूरी तरह जर्जर होकर बड़े-बड़े गड्ढों में बदल चुकी है। सड़क के बीच से गुजरने वाले नाले का ढक्कन भी कई जगहों पर टूटा हुआ है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। रात में और बारिश के समय सड़क और भी खतरनाक स्थानीय लोगों के अनुसार, खराब सड़क और टूटे नाले के कारण रोजाना लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। रात के समय यह सड़क और भी खतरनाक हो जाती है। मोटरसाइकिल चालक अक्सर गड्ढों में फंसकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोटें आती हैं। छोटे बच्चे भी सड़क पार करते समय गड्ढों में गिरकर घायल हो जाते हैं। स्थानीय निवासी आफताब आलम ने बताया कि लोग इस सड़क और नाले की खराब स्थिति से वर्षों से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को कई बार इस समस्या की जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। आए दिन कोई न कोई व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो रहा है। छोटे वाहन और रिक्शा भी अक्सर गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे आवागमन में बाधा आती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और नाले की मरम्मत न होने के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। बरसात के समय यह समस्या और गंभीर हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इस मामले पर नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी पूनम कुमारी ने बताया कि फिलहाल तत्काल मरम्मत कार्य कराना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार अभी कोई नया कार्य शुरू नहीं किया जा सकता है। इस दिशा में कार्रवाई 31 मार्च के बाद ही संभव हो पाएगी। वार्ड के लोगों ने नगर प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क और नाले की मरम्मत कराने की मांग की है।
पीरपैंती के वार्ड 7 और 8 में जर्जर सड़क:टूटे नाले से बढ़ रहा हादसों का खतरा
Date:




