
लोहरदगा़ निजी स्कूलों की मनमानी और अभिभावकों के आर्थिक शोषण के खिलाफ सोमवार को लोहरदगा संघर्ष मोर्चा ने एक दिवसीय धरना दिया. इस दौरान मोर्चा के सदस्यों ने समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया और उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद को एक मांग पत्र सौंपकर कार्रवाई की गुहार लगायी. नियमों को ताक पर रख रहे स्कूल : पावन एक्का : धरना को संबोधित करते हुए मोर्चा के नेता सह नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष पावन एक्का ने कहा कि जिले के निजी विद्यालय झारखंड सरकार के नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय हर साल पुराने छात्रों से री-एडमिशन के नाम पर हजारों रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं. श्री एक्का ने कहा कि पड़ोसी जिला रांची के कई स्कूलों में पुनः नामांकन शुल्क नहीं लिया जाता, फिर लोहरदगा में यह लूट क्यों जारी है? 25% आरक्षण और शिक्षकों की योग्यता पर सवाल : ज्ञापन में मोर्चा ने यह भी मुद्दा उठाया कि शिक्षा के अधिकार के तहत 25 प्रतिशत गरीब बच्चों का नामांकन सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है. साथ ही मांग की गयी है कि स्कूलों में केवल बीएड प्रशिक्षित शिक्षकों की ही नियुक्ति हो, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता बनी रहे. मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्कूलों की मनमानी पर लगाम नहीं लगायी गयी, तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा. जांच कर होगी कार्रवाई : उपायुक्त : पूरे मामले को सुनने के बाद उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद ने इसे गंभीरता से लिया है. उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली की जांच करायी जायेगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित होगी. धरना-प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में अभिभावक और मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे.
The post पुनः नामांकन शुल्क के नाम पर अवैध वसूली का आरोप appeared first on Prabhat Khabar.




