![]()
बक्सर में इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट (IESM) की मासिक बैठक शहर के बाईपास रोड स्थित सैनिक कार्यालय में आयोजित की गई। इसमें बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी और डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने किया। बैठक में जिले के लगभग 200 पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक आनंद मिश्रा को अंगवस्त्र, मोमेंटो और फूल माला देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पूर्व सैनिकों की लंबे समय से लंबित 50 डिसमिल जमीन की मांग को विधानसभा में उठाने के लिए दिया गया। डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व सैनिक लगभग 20 वर्षों से इस मांग के लिए प्रयासरत थे, लेकिन पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने इस मुद्दे को सदन में मजबूती से उठाया है। विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दे को ऐतिहासिक बताया जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने विधायक द्वारा उठाए गए इस मुद्दे को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की जमीन की मांग को लेकर कई वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन इसे विधानसभा में जिस स्पष्टता और मजबूती के साथ रखा गया, वह सराहनीय है। जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्या सागर चौबे ने बताया कि सैनिक लंबे समय से अपनी मांग को विभिन्न स्तरों पर उठाते रहे हैं। विधायक आनंद मिश्रा ने इसे सदन में उठाकर एक प्रमाण के रूप में सामने रखा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ और इससे सैनिकों में उम्मीद जगी है। ”जमीन पर लागू कराने का भी प्रयास करेंगे” बैठक को संबोधित करते हुए विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि उन्होंने सिर्फ सदन में मुद्दा उठाने तक खुद को सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसे जमीन पर लागू कराने का भी प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि सरकार की ओर से जमीन उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो वे स्वयं जमीन खरीदकर पूर्व सैनिकों को देने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने पूर्व सैनिकों से पांच और महत्वपूर्ण मांगों का प्रस्ताव देने को भी कहा, ताकि उन पर भी कार्रवाई की जा सके। बैठक के दौरान 20 पूर्व सैनिकों ने इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी सूबेदार सुदामा प्रसाद की ओर से सभी सैनिकों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की गई। अंत में सभापति कैप्टन बी.एन. पाण्डेय ने बैठक की समाप्ति की घोषणा की। इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
पूर्व सैनिकों की जमीन की मांग सदन में उठी:बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने उठाया मुद्दा, IESM की मंथली मीटिंग
Date:




