Top 5 This Week

Related Posts

प्रेम प्रसंग में डांट-फटकार; छात्रा ने लगाई फांसी:कोडरमा में फंदे से लटकी मिली, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के बगड़ो गांव में 16 वर्षीय छात्रा चांदनी कुमारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चांदनी, बैद्यनाथ राणा की पुत्री थी। घटना के समय घर के सभी सदस्य एक शादी समारोह की तैयारी के लिए बाजार गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि छत पर बने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर बेटी फंदे से लटकी हुई थी। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रेम प्रसंग में हुई डांट-फटकार, परिजनों ने लगाए आरोप मृतका की मां मंजू देवी ने बताया कि चांदनी का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। उन्होंने बताया कि घटना से एक दिन पहले युवक के परिजन उनके घर पहुंचे थे, जहां उन्होंने चांदनी को डांटते हुए भविष्य में उनके बेटे से किसी भी प्रकार का संपर्क न रखने की चेतावनी दी थी। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार को जब वे बाजार गए थे, उसी दौरान युवक के परिजन घर आए और चांदनी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से लटका दिया। घटना के बाद आरोपी पक्ष मौके से फरार हो गया। पुलिस को लिखित शिकायत का इंतजार घटना की सूचना मिलते ही डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी अभिमन्यु पड़िहार ने बताया कि अभी तक मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Popular Articles