![]()
बिहार में फरवरी के अंतिम सप्ताह तक सुबह और शाम ठंड का असर बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि लोगों को असली गर्मी का अहसास होली के बाद ही शुरू होगा। फिलहाल दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवा चलने से गर्मी ज्यादा महसूस नहीं हो रही है। लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से राज्य का मौसम सुहावना बना हुआ है और तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। पहले देखिए आज के मौसम से जुड़ी 2 तस्वीर… तापमान में गिरावट की संभावना मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से हवा की दिशा में बदलाव होगा और तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। इससे पूरे फरवरी महीने तक लोगों को वसंत ऋतु जैसा मौसम महसूस होगा। रविवार सुबह तेज हवा चलने से ठंड में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पटना में न्यूनतम तापमान 14.8 और अधिकतम तापमान 26.8 दर्ज किया गया। वहीं राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान किशनगंज में 10.3 दर्ज हुआ, जबकि सबसे अधिक तापमान कैमूर में 29.5 रिकॉर्ड किया गया। अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है। फसलों के लिए बेहद फायदेमंद मौसम मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि तीन से चार साल बाद वसंत ऋतु अपने वास्तविक स्वरूप में दिख रही है। यह मौसम कृषि के लिए काफी लाभकारी माना जा रहा है। खासकर आम, लीची, गेहूं, दलहन और तेलहन फसलों के लिए यह मौसम अनुकूल है। विशेषज्ञों के अनुसार इस समय का तापमान आम और लीची में मंजर आने के लिए सबसे अच्छा होता है। जितना ज्यादा मंजर आएगा, उतना ज्यादा फल लगने की संभावना रहती है। वहीं गेहूं की फसल के लिए भी यह मौसम फायदेमंद है, क्योंकि इससे गेहूं के दाने मजबूत और भरे हुए बनते हैं। लोगों को मिल रहा सुहावने मौसम का आनंद फरवरी के अंत तक ठंड और हल्की धूप का संतुलन बना रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को अभी कुछ दिनों तक सुहावने मौसम का आनंद मिलता रहेगा। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना से इनकार किया है।
फरवरी के अंत तक सुबह-शाम महसूस होगी ठंड:बिहार में होली के बाद बढ़ेगी गर्मी, कई जिलों में छाया कोहरा; धूप के बाद भी ठिठुरन
Date:




