![]()
मुख्य बातें
Bengal Election: कोलकाता/बरानगर. उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच शनिवार शाम जोरदार झड़प हो गयी, जिससे इलाके में तनाव फैल गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों को तैनात करना पड़ा. जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत होर्डिंग हटाने को लेकर हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान तृणमूल उम्मीदवार सायंतिका बनर्जी और भाजपा उम्मीदवार सजल घोष आमने-सामने आ गये.
भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़
आरोप है कि टोबिन रोड के पास मल्लिक कॉलोनी स्थित भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ की गयी. साथ ही कार्यालय के सामने लगे भाजपा के झंडे और बैनर हटाकर वहां तृणमूल के बैनर और होर्डिंग लगा दिये गये. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस का बड़ा दस्ता मौके पर पहुंचा और केंद्रीय बलों को भी बुलाया गया. घटना के दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच नारेबाजी भी हुई. तृणमूल समर्थकों ने ‘जय बांग्ला’ के नारे लगाये, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध में नारेबाजी की.
10 कार्यकर्ता घायल
भाजपा का आरोप है कि इस झड़प में उसके करीब 10 कार्यकर्ता घायल हुए हैं. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर बाहर से लोगों को बुलाकर अशांति फैलाने का आरोप लगाया है. भाजपा उम्मीदवार सजल घोष ने कहा कि तृणमूल के पास पर्याप्त स्थानीय कार्यकर्ता नहीं हैं, इसलिए बाहर से लोगों को बुलाया गया. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अब भाजपा पहले जैसी नहीं रही और किसी भी हमले का जवाब दिया जायेगा.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पुलिस पर निष्क्रिय रहने का आरोप
तृणमूल उम्मीदवार सायंतिका बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा ही इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी. भाजपा ने पुलिस पर निष्क्रिय रहने का आरोप लगाया है. सजल घोष ने कहा कि यदि पुलिस निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करती, तो स्थिति इतनी बिगड़ती नहीं. फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है.
Also Read: भवानीपुर में पोस्टर फाड़ने पर तृणमूल और भाजपा में टकराव, पुलिस ने शुरू की जांच
The post बंगाल चुनाव: बरानगर में तृणमूल-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प, होर्डिंग हटाने पर हुई मारपीट में कई घायल appeared first on Prabhat Khabar.




