![]()
गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड अंतर्गत लापु गुड़ियाडार में बच्चा चोरी की अफवाह में एक अज्ञात महिला की रविवार को पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना रविवार रात की है, जब एक विक्षिप्त महिला गांव में घूम रही थी। बच्चा चोर होने के संदेह में ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। बिना किसी पूछताछ के, ग्रामीणों ने महिला को रस्सी से एक पेड़ से बांध दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई। एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया गुमला एसपी हरीश बिन जमा के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले की जांच करते हुए चार आरोपियों तेतरा उरांव (45), बिरसाई उरांव (45), शिवलाल उरांव (50) और एतवा उरांव (64) को मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, बुधवार को इस मामले में चार अन्य आरोपी लेटे उरांव (20), विश्व उरांव (30), सुदीप उरांव (18) और चंदेश्वर उरांव (19) को भी गिरफ्तार किया गया और दोपहर 2 बजे तक जेल भेज दिया गया। सभी गिरफ्तार आरोपी बिशुनपुर प्रखंड के लापु गुड़ियाडार निवासी हैं। पुलिस ने घटनास्थल से मारपीट में इस्तेमाल की गई लाठी और रस्सी भी जब्त की है। बिशुनपुर थाना में इस संबंध में कांड संख्या 6/25 दर्ज किया गया है। एसपी हरीश बिन जमा ने जनता से अपील की है कि वे बच्चा चोरी की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और कानून को अपने हाथ में न लें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी क्योंकि यह एक गंभीर अपराध है।
बच्चा चोरी की अफवाह में महिला की हत्या, आठ गिरफ्तार:गुमला में पेड़ से बांधकर महिला की बेरहमी से की थी पिटाई
Date:




