![]()
बांका के बेलहर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना वीरना पुल के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक समेत पुल के नीचे जा गिरे। पुल के नीचे गहरी खाई होने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। मृतक रिश्ते में जीजा-साला थे और हलवाई का काम करते थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाइक से लौट रहे थे घर मृतकों की पहचान बेलहर थाना क्षेत्र के सुरा निवासी सुशील यादव के पुत्र विलास यादव उर्फ बुंदेली यादव और बदला निवासी तहलू यादव के पुत्र त्रिवेणी यादव के रूप में हुई है। ये दोनों जीजा-साला थे और हलवाई का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, वे झाझा थाना क्षेत्र के सहिया गांव में एक तिलक समारोह में खाना बनाने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों एक ही बाइक से अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त,सूचना पर पहुंची पुलिस वीरना पुल के पास पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।स्थानीय लोगों की सूचना पर बेलहर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों हलवाई का काम कर घर का पालन पोषण करता था। दोनों की एक साथ मौत होने से घर में दु:ख का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। जीजा और साले की एक साथ मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में शोक का माहौल था। थानाध्यक्ष दिनेश वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बांका में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत:तिलक से हलवाई का काम कर लौट रहे थे जीजा-साला, टक्कर के बाद पुल के नीचे गिरे
Date:




