![]()
भरनो/गुमला|विकास की अंधी दौड़ और सड़कों पर बेकाबू रफ्तार ने रविवार की शाम एक और हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। भरनो थाना क्षेत्र के एनएच-23 रांची–गुमला मुख्य मार्ग स्थित स्कूल चौक के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में 50 वर्षीय सोमनाथ रजक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने न केवल एक मेहनतकश इंसान को छीन लिया, बल्कि तीन मासूम बच्चों के सिर से उनके पिता का आखिरी सहारा भी छीनकर उन्हें अनाथ कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रविवार देर शाम की है। सिसई की ओर से भरनो की तरफ आ रही एक पल्सर बाइक पर सवार दो युवक बेहद तेज गति में थे। इसी दौरान, हाई स्कूल रोड निवासी सोमनाथ रजक स्कूल चौक के पास सर्विस रोड पर पैदल सड़क पार कर रहे थे। बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा और सोमनाथ को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोमनाथ हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और ग्रामीणों के सहयोग से घायल सोमनाथ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो ले जाया गया। हालांकि, नियति को कुछ और ही मंजूर था; अस्पताल पहुंचने से पहले ही सोमनाथ ने दम तोड़ दिया।
बाइक सवार ने पैदल चल रहे ग्रामीण को मारी टक्कर, मौत
Date:




