Top 5 This Week

Related Posts

बिजली करंट से महिला की मौत, दो झुलसे:शेखपुरा में तीन अलग-अलग घटनाएं,सदर अस्पताल रेफर


शेखपुरा में रविवार को बिजली के करंट लगने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में एक 34 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पहली घटना अरियरी प्रखंड के पंढर गांव में हुई, जहां चिंटू महतो की पत्नी रूबी देवी (34) की करंट लगने से मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, महिला घर की साफ-सफाई कर रही थी, तभी वह बिजली के तार की चपेट में आ गईं और बुरी तरह झुलस गईं। उन्हें तत्काल एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत के कारण सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका तीन छोटे बच्चों की मां थीं और उनके पति राजमिस्त्री का काम करते हैं। दूसरी घटना सदर प्रखंड के बादशाहपुर गांव में घटी, जहां 30 वर्षीय मोनू कुमार बिजली के करंट से जख्मी हो गए। मोनू ने बताया कि वह बिजली के ट्रांसफार्मर का फ्यूज जोड़ रहे थे, तभी 11 हजार क्षमता के बिजली के तार की चपेट में आ गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। तीसरी घटना जिला मुख्यालय के बाईपास रोड स्थित श्याम सरोवर पार्क में हुई। यहां सदर प्रखंड के बिहटा गांव निवासी राजकुमार चौधरी के पुत्र मितेंद्र चौधरी करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक ने बताया कि वह वन विभाग द्वारा संचालित श्याम सरोवर पार्क में मजदूरी कर रहा था, उसी दौरान बिजली के तार की चपेट में आ गया। मितेंद्र को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Spread the love

Popular Articles