![]()
बेगूसराय में शराब के नशे में धुत एक युवक ने जमकर हंगामा किया। फुलवड़िया थाना क्षेत्र में युवक ने न केवल पुलिस की डायल-112 गश्ती गाड़ी को बीच सड़क पर रोका, बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की। ड्रामा काफी देर तक बीच सड़क पर चलता रहा, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना 25 मार्च की रात करीब 9 बजे की है। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें पुलिस और शराबी युवक के बीच की झड़प साफ देखी जा सकती है। एक युवक पुलिस गाड़ी के सामने नशे में झूम रहा है। हटाए जाने पर वह पुलिसकर्मियों से बदतमीजी करता है। ASI जब गाड़ी से उतर कर समझाते हैं तो वह गाड़ी पर ही पकड़ कर गिरा देता है। इसके बाद महिला सिपाही ने डंडा बरसा कर उसे काबू में किया और गाड़ी में बिठाकर ले जाया गया। महिला सिपाही को भी दिया धक्का इस संबंध में ASI भूपेंद्र साह ने बताया कि वह गश्त पर थे। पुलिस की टीम मिरचैया चौक के पास पहुंची ही थी कि अचानक एक युवक उनकी गाड़ी के सामने आ गया। पुलिस ने हॉर्न बजाकर उसे हटने का इशारा किया, लेकिन टस से मस नहीं हुआ। युवक अचानक उग्र हो गया। डायल-112 वाहन के बोनट पर जोर-जोर से मुक्के मारने लगा। जब ASI भूपेंद्र साह ने गाड़ी से उतरकर उसे समझाने और हटाने की कोशिश की, तो युवक ने उनका पैर पकड़कर उन्हें बोनट पर पटक दिया। अपने अधिकारी को मुसीबत में देख महिला सिपाही नीतू कुमारी बचाव के लिए आई, तो युवक ने उनके साथ अभद्रता की, धक्का देकर पीछे धकेल दिया। स्थानीय लोगों की मदद से किया काबू युवक की इस हरकत को देख आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जमा हो गए। लोगों ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह भागने लगा, लेकिन इसी दौरान वह सड़क पर गिर गया जिससे उसके घुटने में चोट भी आई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। युवक की पहचान शोकहारा गाछी टोला के रहने वाले गौतम कुमार के रूप में की गई है। थाने में भी पुलिसकर्मियों से उलझ गया पुलिस युवक को पकड़कर थाने ले गई, जहां उसका ब्रेथ एनालाइजर मशीन से टेस्ट कराया गया। टेस्ट की रिपोर्ट में जो खुलासा हुआ उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। युवक के शरीर में अल्कोहल की मात्रा 271.2mg/100ml पाई गई, जो सामान्य से कहीं ज्यादा थी। थाने में भी शांत नहीं हुआ और लगातार पुलिसकर्मियों को भद्दी-भद्दी गालियां देता रहा। केस दर्ज कर भेजा जेल फुलवड़िया थाना पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। BNS की धारा- 126 (2), 115 (2), 121 (1), 132, 74, 352, 3 (5) और बिहार उत्पाद एवं मद्य निषेध (संशोधन) अधिनियम 2021 की धारा-37 के तहत भी मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

