
Bokaro Crime News, बोकारो (धर्मेंद्र गुप्त की रिपोर्ट): बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित बियाडा औद्योगिक क्षेत्र में चल रही लोहा कटिंग कंपनी बीएमडब्ल्यू के मालिक को एक बार फिर धमकी दी गयी है. इस बार कंपनी के एक कर्मचारी के मोबाइल पर भेजे गये मैसेज में खुद को प्रिंस खान बताते हुए जान से मारने की धमकी दी है. मैसेज में लिखा गया है- “हमको मैनेज कीजिए, नहीं तो जान से मार देंगे”. संदेश मिलने के बाद कंपनी के कर्मचारी एस. कुमार देर रात बालीडीह ओपी पहुंचे और प्रिंस खान के नाम पर प्राथमिकी दर्ज करायी.
साइबर सेल के साथ जांच में जुटी पुलिस
मामले को गंभीरता से लेते हुए बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने साइबर सेल सहित वरीय पुलिस अधिकारियों को जांच में लगाया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मैसेज भेजने वाला मोबाइल नंबर किसके नाम से रजिस्टर्ड है और फिलहाल वह नंबर कहां पर एक्टिव है. साथ ही यह भी छानबीन हो रही है कि मैसेज किसी शरारती तत्व ने भेजा है या किसी खास मकसद से कंपनी को डराने की कोशिश की जा रही है.
Also Read: कोर्ट से गवाही देकर लौट रहा था युवक लेकिन आ गया मौत का बुलावा, चतरा में युवक को गोलियों से भूना
सोशल मीडिया पर ऑडियो भी हुआ वायरल
इससे पहले बुधवार को भी सोशल मीडिया पर प्रिंस खान के नाम से एक ऑडियो भी वायरल हुआ था. इसमें खुद को प्रिंस खान बताने वाला व्यक्ति कंपनी पर दो बम चलाने की धमकी देते हुए चेतावनी दे रहा था. हालांकि पुलिस ने कंपनी के कर्मचारी सुरेंद्र सिंह से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने इस मामले में कोई जानकारी न होने की बात कही.
बम धमाके की पुष्टि नहीं
पुलिस की शुरुआती जांच में अब तक किसी बम विस्फोट या धमकी वाला पर्चा मिलने की पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला रंगदारी से जुड़ा है या फिर कोई जानबूझ कर शरारत कर रहा है. हालांकि वायरल ऑडियो की जांच अब तक जारी है.
The post बोकारो में प्रिंस खान का दहशत! BMW कंपनी के मालिक को धमकी, कहा- मैनेज करो वरना मार देंगे appeared first on Prabhat Khabar.




