![]()
बोकारो पुलिस ने 18 वर्षीय कुमारी पुष्पा महतो हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसके प्रेमी दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है। युवती करीब नौ महीने पहले रहस्यमय तरीके से लापता हो गई थी। इस मामले में उसकी मां रेखा देवी ने 24 जुलाई 2025 को अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पिण्ड्राजोरा थाना में कांड संख्या 147/25 के तहत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध एसआईटी ने जांच के दौरान तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों को खंगाला। मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और पूछताछ में यह बात सामने आई कि पुष्पा महतो पिछले करीब तीन वर्षों से दिनेश कुमार महतो के संपर्क में थी। जांच टीम ने संदेह के आधार पर दिनेश को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि युवती उस पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची। चास कॉलेज के पीछे ले जाकर की हत्या आरोपी ने पुलिस को बताया कि 21 जुलाई 2025 को पुष्पा चास कॉलेज में स्नातक में नामांकन कराने आई थी। पहले से बनाई गई योजना के तहत दिनेश भी वहां पहुंचा। उसे बातचीत के बहाने कॉलेज के पीछे करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित सुनसान झाड़ीदार इलाके में ले गया। वहां उसने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया और खून से सना चाकू रास्ते में फेंककर घर लौट आया। निशानदेही पर बरामद हुए हड्डियों के टुकड़े पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतका के कपड़े, सिर के बाल और शरीर के 19 हड्डियों के टुकड़े बरामद किए। इसके अलावा आरोपी के पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इधर, युवती के नहीं मिलने व आरोपी पर पुलिस की कार्रवाई नहीं होने पर परिजनों ने हाईकोर्ट का रूख किया। मामले में हाईकोर्ट में पुलिस की कार्रवाई के लिए फटकार लगाई। डीजीपी से लेकर एसपी तक को कोर्ट में हाजिर होना पड़ा। हाईकोर्ट ने मामले की जांच डीआईजी स्तर की वन मैन कमेटी से कराने की बात कही थी। शुक्रवार व शनिवार को डीआईजी बजट संध्या रानी मेहता ने बोकारो पहुंचकर जांच की। मामले में अब 15 अप्रैल को सुनवाई है।

