![]()
मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ थाना क्षेत्र के गोपालपुर गोपाल गुदरी बाजार में शुक्रवार देर शाम एक 70 वर्षीय वृद्ध के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घायल वृद्ध को परिजनों ने इलाज के लिए बोचहाँ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। सीएचसी में चिकित्सक डॉ. अरनव प्रकाश और स्वास्थ्यकर्मी राकेश कुमार ने वृद्ध का प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई है। घायल वृद्ध की पहचान पिरखपुर गांव निवासी रामचंद्र साह के पुत्र जितेंद्र कुमार (70) के रूप में हुई है। जितेंद्र कुमार ने बताया कि वे शहर से लौट रहे थे और गोपालपुर गोपाल गुदरी बाजार में कुछ सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान मनीष कुमार सहित अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। जितेंद्र कुमार के अनुसार, हमलावरों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और हत्या की नीयत से गमछे से उनका गला दबाया। लोगों के इकट्ठा होने पर उनकी जान बची। गला दबने के कारण वृद्ध के गले से आवाज नहीं निकल पा रही है, जिसके चलते चिकित्सकों ने उन्हें एसकेएमसीएच रेफर किया है। पुलिस ने घायल वृद्ध को पहले इलाज कराने की सलाह दी है। जितेंद्र कुमार के परिजनों ने बताया कि इलाज के बाद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को आवेदन दिया जाएगा। बोचहाँ थाना प्रभारी यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें घटना की मौखिक सूचना मिली है, लेकिन अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बोचहाँ में बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा:गोपाल गुदरी बाजार में हमला, गला दबाने का आरोप; SKMCH रेफर
Date:




