![]()
धनबाद पुलिस ने भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को पुलिस ने वासेपुर स्थित कमरमखदूमी रोड पर प्रिंस खान और उसके सहयोगी गोपी खान के आवास पर अदालत के आदेश पर इश्तेहार चस्पा किया। बैंक मोड़ थाना के एएसआई सुनील कुमार रवि ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। न्यायालय के निर्देश पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया शुरू करने से पहले यह इश्तेहार जारी किया गया है, क्योंकि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं। रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत आरोप पुलिस के अनुसार, प्रिंस खान और गोपी खान बैंक मोड़ थाना कांड संख्या 175/2023 और 277/2023 सहित कई मामलों में वांछित हैं। इन पर रंगदारी और आर्म्स एक्ट के तहत आरोप हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस बीच, शुक्रवार को एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले की कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने जनता से अपील की कि अपराधी द्वारा मोबाइल या मैसेज के जरिए दी जाने वाली धमकियों से न डरें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। एसएसपी ने यह भी बताया कि प्रिंस खान से जुड़े मामलों को लेकर उच्चस्तरीय बैठकें हो रही हैं और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जिले में किसी भी आपराधिक गतिविधि पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।

