![]()
भागलपुर में पुलिस ने अवैध लॉटरी और गेसिंग खेल के खिलाफ कार्रवाई की है। पासी टोला इलाके से एक की गिरफ्तारी हुई है। डीआईयू टीम और ललमटिया थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के नूरपुर निवासी अशोक यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से बड़ी संख्या में लॉटरी टिकट, गेसिंग का हिसाब-किताब लिखी नोटबुक और 8420 रुपए नगद बरामद किए हैं। मामला ललमटिया थाना क्षेत्र का है।
धंधे में और कौन शामिल, पुलिस कर रही जांच पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पासी टोला में अवैध रूप से गेसिंग का खेल चलाया जा रहा है और लोगों से पैसे लेकर लॉटरी का अवैध धंधा हो रहा है। इसी सूचना के आधार पर डीआईयू और ललमटिया थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। छापेमारी के बाद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया और सभी जब्त सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इस मामले में ललमटिया थाना में लॉटरी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही, यह नेटवर्क कितने समय से संचालित किया जा रहा था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ललमटिया थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। अवैध लॉटरी और गेसिंग जैसे खेल समाज में गलत प्रवृत्तियों को बढ़ावा देते हैं, इसलिए ऐसे धंधे करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




