![]()
भागलपुर पुलिस ने जानलेवा हमला और फायरिंग के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और एक खोखा भी बरामद किया है। घटना साहेबगंज दिलदारपुर इलाके में हुई थी। 4 मार्च बुधवार को रात करीब 8:30 बजे साहेबगंज दिलदारपुर निवासी रीना देवी अपने घर के दरवाजे पर बैठी थीं। उसी दौरान गांव का राजेश कुमार उर्फ डोमा वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। शोर सुनकर रीना देवी के बेटे विकास कुमार रजक, मनीष कुमार रजक और अभिषेक कुमार रजक उसे समझाने उसके घर गए। इसी दौरान आरोपी राजेश कुमार उर्फ डोमा ने जान से मारने की नीयत से उन पर हमला कर दिया। उसने ईंट-पत्थर से मारकर तीनों को घायल कर दिया। इस घटना के संबंध में ललमटिया थाना में कांड संख्या 20/26 दर्ज किया गया था। देसी कट्टा लहराने की हुई पुष्टि मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की ओर से फायरिंग करने और देसी कट्टा लहराने की पुष्टि हुई। इसके बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर-02 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर आरोपी राजेश कुमार उर्फ डोमा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद हथियार को जब्त कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। छापेमारी टीम में इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, परमेश्वर साहनी, ललमटिया थाना के थानाध्यक्ष दीपक पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।
भागलपुर में फायरिंग-हमले का आरोपी अरेस्ट:देसी कट्टा-खोखा बरामद; 3 लोगों पर ईंट-पत्थर से किया था अटैक
Date:




