भास्कर न्यूज | सीवान न्यायालय के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार मोतीश कुमार, द्वारा गुरुवार को मंडल कारा सीवान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला खंड में जाकर महिला बंदियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही कारा अस्पताल में इलाजरत बंदियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति का जायजा लिया। न्यायाधीश ने तरुण वार्ड, पुरुष वार्ड तथा वृद्ध वार्ड का भी निरीक्षण करते हुए बंदियों से पूछताछ की। उन्होंने कारा पाकशाला, लीगल एड क्लिनिक, अस्पताल, विभिन्न वार्डों एवं कार्यालय का गहन निरीक्षण किया। कारा परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं से वे संतुष्ट दिखे और जेल प्रशासन की सराहना की।इस दौरान उन्होंने जेल को सुधार गृह के रूप में विकसित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, इसी दिन सदर अस्पताल सीवान के चिकित्सकों द्वारा कारा परिसर में मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया गया।इस अवसर पर मंडल कारा अधीक्षक देवाशीष सिन्हा, उपाधीक्षक, कारा चिकित्सक, सहायक अधीक्षक सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
मंडल कारा का न्यायधीश ने किया निरीक्षण
Date:




