![]()
मधुबनी जिले के हरलाखी थाना पुलिस और एसएसबी ने नेपाल से फरार एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हरलाखी प्रखंड के दिधिया बॉर्डर पर बेलाघाट क्षेत्र में हुई। अपराधी के पास से अवैध हथियार, कारतूस और भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है। बेनीपट्टी एसडीपीओ अमित कुमार ने शनिवार शाम बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त जलेश्वर जेल से फरार चल रहा था और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। वह बैंक डकैती के मामलों में वांछित था। बाइक से ला रहे थे मादक पदार्थ-हथियार शनिवार रात हरलाखी थाने को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से भारत की ओर दिधिया गांव के रास्ते एक अपराधी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मादक पदार्थ और हथियार ला रहा है। सूचना मिलते ही हरलाखी थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद एसएसबी कैंप पीपरौन को दिधिया बॉर्डर पर तैनात किया गया और पुलिस टीम ने बेलाघाट पर निगरानी शुरू कर दी। निगरानी के दौरान नेपाल की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध व्यक्ति भारत की ओर आता दिखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। 4.42 किलोग्राम गांजा बरामद पुलिस बल ने पीछा कर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अमरजीत राम बताया। तलाशी में उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 4.42 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल, भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक कार्ड और एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ। अमरजीत राम नेपाल के धनुषा जिले के मुखियापट्टी गांव का निवासी है। वह बैंक डकैती के गंभीर मामलों में पहले से लिप्त रहा है और जलेश्वर जेल से फरार हुआ था। पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि उसके पुराने आपराधिक इतिहास, संभावित गिरोह नेटवर्क और अन्य साथियों का पता लगाया जा सके। इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल पर असर पड़ने की उम्मीद है।
मधुबनी में नेपाल जेल से फरार अपराधी गिरफ्तार:4.42 किलोग्राम गांजा बरामद, पुलिस ने बाइक-अवैध हथियार किया जब्त
Date:




