
Ford Hospital: स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में फोर्ड हॉस्पिटल जल्द ही अपना दूसरा यूनिट शुरू करने जा रहा है. यह नया यूनिट इस माह के अंत तक मलाही के पास शुरू किया जाएगा, जहां मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. फोर्ड हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. बी.बी. भारती ने बताया कि इस नए केंद्र में लेप्रोस्कोपी सर्जरी और हृदय संबंधी इमरजेंसी सेवाएं प्रमुख रूप से उपलब्ध रहेंगी. इसके साथ ही यहां अत्याधुनिक तकनीक से लैस कैथलैब की स्थापना की गई है, जिससे हृदय रोगियों की जांच और इलाज अधिक सटीक व त्वरित तरीके से किया जा सकेगा.
डॉ. बी.बी. भारती ने बताया कि अस्पताल में गॉल ब्लैडर, हर्निया सहित कई प्रकार की सामान्य और जटिल सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध होगी. इससे आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.
चार मंजिला इस आधुनिक अस्पताल भवन में 40 बेड की व्यवस्था की गई है, जहां मरीजों के इलाज और देखभाल के लिए सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी. अस्पताल में प्रशिक्षित डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम तैनात रहेगी.
डॉ. भारती ने बताया कि यहां ओपीडी सेवा में भी सभी प्रमुख विभागों के डॉक्टर नियमित रूप से मरीजों को परामर्श देंगे. नए यूनिट के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत उपचार उपलब्ध हो पाएगा. अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस यूनिट के शुरू होने से इलाके में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी.
The post मलाही पकड़ी में फोर्ड हॉस्पिटल शुरू करेगा नया यूनिट, कैथलैब और इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध appeared first on Prabhat Khabar.




