![]()
झारखंड के प्रसिद्ध सिद्ध पीठ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो गई है। आज सुबह से ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। नवरात्रि के दौरान भक्त मां छिन्नमस्तिका का दर्शन और पूजन कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। चैत्र नवरात्रि को लेकर मंदिर न्यास समिति और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, और श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। भक्तों के बीच माता का भोग प्रसाद भी वितरित किया गया। यह मंदिर झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। दूर-दूर से आए भक्त यहां मां की आराधना करते हैं। श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में कोई परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर न्यास समिति ने पूरी व्यवस्था की है। साथ ही, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर, बाहरी क्षेत्रों और पार्किंग स्थलों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा। रामगढ़ के एसपी अजय कुमार ने बताया कि मंदिर के पास पुलिस की व्यवस्था के साथ-साथ रजरप्पा थाने को भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा में विशेष रूप से लगे रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि नवरात्रि के दौरान वीआईपी मूवमेंट का भी ध्यान रखा जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के चारों ओर शेड लगाए गए हैं, ताकि चिलचिलाती धूप में उन्हें कोई परेशानी न हो। दूरदराज से आने वाले भक्तों के लिए धर्मशाला में ठहरने की व्यवस्था की गई है, और सभी हवन कुंडों की सफाई भी की गई है ताकि भक्त यहां पूजा-हवन कर सकें।
मां छिन्नमस्तिका मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर उमड़ी भीड़:माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतारें, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
Date:




