
तरैया. माधोपुर पंचायत के राजवारा गांव में मंगलवार को प्रशासन ने सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. इस दौरान करीब 20 कच्चे-पक्के मकान, दुकानें, झोपड़ी, बेढ़ी पर प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाया गया. यह कार्रवाई मनरेगा पीओ सुजीत कुमार सिंह, एएसआइ अप्पू कुमार, राजस्व कर्मचारी बद्री विशाल मिश्रा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गयी. खाता संख्या 179 और खेसरा संख्या 455 पर स्थित इन अवैध निर्माणों को हटाने के लिए प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनायी थी. 15 पुरुष और 10 महिला पुलिस बल की तैनाती की गयी थी, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. इस कार्रवाई के तहत 20 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी, जिनमें राजेन्द्र सिंह, पशुराम सिंह, शुभ नारायण सिंह, चतुरा सिंह, शहाबुद्दीन मियां, जफरुद्दीन मियां, इमान हसन, जफरुद्दीन मियां, राजेन्द्र सिंह, अलहमउद्दीन मियां, सिराजुल हक, हसमत अली, सिराजुल हक, मो हसनैन सिद्दीकी, रोजादीन, सैनुद्दीन, नैमुद्दीन, कौशल अली, सुदर्शन महतो, राजेन्द्र महतो शामिल है. अधिकारियों ने बताया कि यह जमीन जनहित के कार्यों के लिए चिन्हित थी, जिस पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था. इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है. ज्ञात हो कि इससे पहले माधोपुर पंचायत के अरदेवा में भी सरकारी जमीन पर बने अवैध मकानों को बुलडोजर चलाकर हटवाया गया था. इस दौरान राजस्व कर्मचारी बद्री विशाल मिश्रा, एएसआइ अप्पू कुमार और अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद थे.
The post माधोपुर पंचायत के राजवारा में चला प्रशासन का बुलडोजर, 20 अवैध निर्माण जमींदोज appeared first on Prabhat Khabar.




