![]()
मुजफ्फरपुर में बागेश्वर धाम के प्रसिद्ध पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री (बाबा बागेश्वर) का आगमन होगा। मुशहरी प्रखंड के रोहुआ गांव में 22 अप्रैल को एक भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जगद्गुरु रामभद्राचार्य के सानिध्य में उनके शिष्य दीनानाथ दास का पट्टाभिषेक संपन्न होगा। कार्यक्रम में धीरेन्द्र शास्त्री (बागेश्वर बाबा) और अयोध्या के हनुमान गढ़ी के महंत राजू दास भी शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रमोद कृष्णम के भी कार्यक्रम में भाग लेने की संभावना है। आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आलोक कुमार राजा ने बताया कि इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। बागेश्वर बाबा का यह मुजफ्फरपुर का दूसरा दौरा होगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। संत समागम का भी आयोजन किया जाएगा कार्यक्रम के दौरान संत समागम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर के कई प्रमुख संतों और धर्मगुरुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति की ओर से संतों के स्वागत एवं उनके प्रवास की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है, जिसके मद्देनजर प्रशासनिक तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। धार्मिक आयोजन का मुख्य आकर्षण दीनानाथ दास का पट्टाभिषेक समारोह होगा। इसके बाद संतों का आशीर्वचन और श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। चार्टर विमान से पटना या दरभंगा पहुंच सकते आलोक कुमार ने बताया कि आचार्य धीरेन्द्र शास्त्री चार्टर विमान से पटना या दरभंगा पहुंच सकते हैं, जहां से वे सड़क मार्ग से मुजफ्फरपुर आएंगे। वहीं, जगद्गुरु रामभद्राचार्य सीतामढ़ी से सीधे रोहुआ पहुंचेंगे। आयोजन को लेकर आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक माहौल बनने लगा है। आयोजकों का दावा है कि यह संत समागम क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। बता दें कि पिछले साल बागेश्वर धाम सरकार के रूप में प्रसिद्ध धीरेन्द्र शास्त्री जब पहली बार मुजफ्फरपुर आए थे, तब उन्होंने मिठनपुरा स्थित दीनानाथ दास के आवास पर रात्रि विश्राम कर भोजन किया था।
मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे बाबा बागेश्वर, भव्य धार्मिक आयोजन होगा:शिष्य आलोक राजा बोले- सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा, 22 अप्रैल को दूसरा दौरा
Date:




