![]()
मुजफ्फरपुर के आरडीएस कॉलेज परिसर में मंगलवार को जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला आयोजित किया गया। मेले में अलग-अलग प्रखंडों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लिया। साथ ही रोजगार और कौशल विकास से संबंधित अवसरों की जानकारी ली। मेले का मुख्य उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान करना था। साथ ही, विभिन्न सरकारी विभागों, विशेषज्ञों और संस्थानों के माध्यम से उन्हें व्यावसायिक मार्गदर्शन भी दिया गया। मेले में 35 कंपनियों ने भाग लिया। यहां मौजूद मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के कौशल विकास, रोजगार उपलब्ध कराने और उद्यम स्थापित करने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कौशल आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया। जिलाधिकारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाना भी है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के तहत प्रशिक्षण, ऋण और तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। यूपीएससी की तैयारी कर रहे प्रतिभागियों को यूपीएससी किट दिया जिलाधिकारी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के बीच यूपीएससी स्टडी किट का वितरण किया। उन्होंने कहा कि इन स्टडी किट के माध्यम से यूपीएससी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी, जिससे वे देश की सर्वोच्च सेवाओं में चयनित होने के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे। प्रशिक्षण प्राप्त युवतियों को टूल किट बांटे जिलाधिकारी ने सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त बालिकाओं को टूल किट के तहत सिलाई मशीन प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं और बालिकाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रशिक्षित बालिकाएं घर बैठे रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकती हैं और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। जिलाधिकारी ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना और कुशल युवा कार्यक्रम सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने युवाओं से इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ उठाने तथा अपने हुनर को विकसित कर रोजगार के नए अवसर तलाशने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सरकार युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध करा रही है, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं और अन्य लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं। 2025–26 में अब तक 1199 अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराया रोजगार मेला में बताया गया कि 2025–26 में अब तक जॉब कैंप के माध्यम से जिले के 1199 अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। इससे पहले 2022 में 31 नियोजकों की ओर से कुल 4415 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 863 अभ्यर्थियों का चयन किया गया था। साल 2023 में 30 नियोजकों की ओर से 3979 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 820 अभ्यर्थियों को रोजगार मिला। साल 2024 में 41 नियोजकों ने भाग लिया, जिसमें 1896 आवेदन प्राप्त हुए और 543 अभ्यर्थियों का नियोजन किया गया। वहीं साल 2025 में 30 नियोजकों की ओर से 2675 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1306 अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराया गया।
मुजफ्फरपुर में 35 कंपनियों ने युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र:नियोजित मेला में स्टडी किट भी बांटा, डीएम बोले- युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना उद्देश्य
Date:




