
West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई पत्थरबाजी के एक दिन बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करेंगे. दूसरी तरफ, तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी और टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी सरकार के रिपोर्ट कार्ड और परफॉर्मेंस रिपोर्ट के साथ लोगों के बीच जा रहे हैं. चुनाव के इस समय में, रिपोर्ट कार्ड बनाम चार्जशीट पर राज्य की सियासी लड़ाई तेज हो गयी है. तृणमूल ने रिपोर्ट कार्ड में सरकार की उपलब्धियों का बखान किया है, तो उनके खिलाफ भाजपा चार्जशीट पेश कर रही है, जिसमें सरकार पर निशाना साधा जायेगा.
तृणमूल के रिपोर्ट कार्ड में क्या?
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस के रिपोर्ट कार्ड में लक्खी भंडार, स्वास्थ्य साथी का विस्तार, दुआरे सरकार, दो करोड़ नौकरियां व युवा साथी का उल्लेख किया गया है. साथ ही राज्य सरकार द्वारा बनाये गये जगन्नाथ मंदिर का भी जिक्र है. इसके अलावा निर्माणाधीन दुर्गा आंगन, महाकाल मंदिर के बारे में उल्लेख किया गया है.
भाजपा तृणमूल के खिलाफ पार्टी चार्जशीट जारी करेगी, तो यह उस पर उल्टा पड़ेगा, क्योंकि वे सभी बातें झूठ हैं. भाजपा शासित राज्यों में इतने गलत काम हुए हैं कि लोग उस मामले में भाजपा से सवाल पूछना शुरू कर देंगे. भाजपा बंगाल चुनाव से पहले बंगाल विरोधी और बंगाल के मजदूरों की विरोधी हो गयी है.
जयप्रकाश मजूमदार, प्रवक्ता, तृणमूल कांग्रेस
इसके साथ ही तृणमूल ने 10 वादों में सभी महिलाओं के लिए यूनिवर्सल लक्खी भंडार, 10 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य साथी कवरेज, डिजिटल अपग्रेड के साथ दुआरे सरकार, 10 लाख और सरकारी नौकरियां सहित अन्य घोषणाएं की हैं.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
भाजपा की चार्जशीट में टीएमसी पर आरोपों की बौछार
भाजपा की ओर से स्टेट लेवल पर पेश चार्जशीट में तृणमूल कांग्रेस सरकार से तीखे सवाल किये गये हैं. इसमें आरजी कर की घटना, 26 हजार शिक्षक व गैर शिक्षण कर्मचारियों की नौकरियां रद्द होने का मामला, एसएससी घोटाला, कोयला व बालू की तस्करी, मवेशी तस्करी को उजागर किया गया है.
तृणमूल कांग्रेस के कार्यकाल में पश्चिम बंगाल का हाल और भी खराब हो गया है. भाजपा राज्य की वास्तविक परिस्थिति से लोगों को अवगत कराने के लिए चार्जशीट पेश करेगी.
शमिक भट्टाचार्य, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
इसके साथ ही भाजपा ने मुस्लिम तुष्टीकरण पर भी तृणमूल सरकार को घेरने की कोशिश की है. मुर्शिदाबाद, मालदा, बासंती में दंगे व तृणमूल के कार्यकाल में हुई सांप्रदायिक हिंसा की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है.
इसे भी पढ़ें
अमित शाह कोलकाता में खोलेंगे ममता बनर्जी सरकार की ‘चार्जशीट’, ये है भाजपा का मेगा चुनावी मास्टरप्लान
दिलीप घोष बोले- 4 मई के बाद सब बदल जायेगा, यूपी स्टाइल में होगा माफिया का एनकाउंटर
TMC का BJP को चैलेंज- अभिषेक बनर्जी को डरा नहीं पाये, अब शुभेंदु-हिमंता की जांच कराओ
The post मुर्शिदाबाद में रामनवमी पर हिंसा के बीच रिपोर्ट कार्ड बनाम चार्जशीट, तृणमूल-भाजपा आमने-सामने appeared first on Prabhat Khabar.
