![]()
मोतिहारी के सीमावर्ती फेनहारा थाना को आखिरकार अपना नया भवन मिल गया है। शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात और स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री राणा रणधीर सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर नए थाना भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक राणा रणधीर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि फेनहारा थाना अपनी स्थापना के बाद से ही बिना अपने भवन के संचालित हो रहा था। क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से थाना के लिए अलग भवन की मांग की जा रही थी। ”नए थाना भवन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी” उन्होंने कहा कि आज यह सपना साकार हुआ है और फेनहारा को एक बड़ी सौगात मिली है। विधायक ने बिहार सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इसी कड़ी में फेनहारा थाना को यह नया भवन प्राप्त हुआ है। राणा रणधीर सिंह ने पुलिस प्रशासन और विशेष रूप से पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को धन्यवाद दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए थाना भवन से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी तथा लोगों को सुरक्षा का बेहतर माहौल मिलेगा। लोगों को आवागमन में सुविधा होगी विधायक ने मुख्य सड़क से फेनहारा थाना तक आने वाली सड़क की खराब स्थिति का भी जिक्र किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस सड़क के निर्माण के लिए पहल की गई है और अगले दो माह के भीतर इसका कार्य शुरू कराकर पूरा कर लिया जाएगा, जिससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने अपने संबोधन में फेनहारा के लोगों के पुलिस के प्रति अच्छे सहयोग और सकारात्मक भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि क्षेत्र की जनता कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस के साथ खड़ी है। पुलिसकर्मियों को काम करने में काफी सुविधा मिलेगी – एसपी एसपी ने कहा कि नया थाना भवन बनने से पुलिसकर्मियों को काम करने में काफी सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल जिस पुराने भवन या बाजार क्षेत्र में थाना संचालित हो रहा था, वहां भी सुरक्षा को लेकर पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही नए थाना भवन में पुलिस कर्मियों के लिए आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी भी मौजूद रहे। मौके पर एसडीपीओ कुमार चंदन, सर्किल इंस्पेक्टर सुजीत दास, फेनहारा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार, पैक्स अध्यक्ष अमजद कमाल समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित थे। उद्घाटन के बाद लोगों ने नए थाना भवन का अवलोकन भी किया और इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मोतिहारी के फेनहारा थाना को मिला नया भवन:SP स्वर्ण प्रभात और विधायक राणा रणधीर सिंह ने किया उद्घाटन
Date:




