![]()
मोतिहारी में एक ई-रिक्शा चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक तालाब से बरामद किया गया है। तीन दिन से लापता युवक का शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बसवरिया बंगाली कॉलोनी निवासी जुगल चंद्र दास (40) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जुगल चंद्र दास 8 अप्रैल की सुबह खाना खाकर अपना ई-रिक्शा लेकर घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। अपने स्तर पर परिजनों ने काफी खोजबीन की परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 9 अप्रैल को मुफस्सिल थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार को ग्रामीण सरसौला पोखर के पास खेत की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने तालाब में एक शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। शव मिलने के स्थान से लगभग दो किलोमीटर दूर ई-रिक्शा मिला जांच के दौरान पुष्टि हुई कि यह शव तीन दिनों से लापता जुगल चंद्र दास का है। पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां मृतक की पत्नी और अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका ने बताया कि शव मिलने के स्थान से लगभग दो किलोमीटर दूर मृतक का ई-रिक्शा भी बरामद किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।


