
Ranchi Rail Division, रांची (राजेश सिंह): दक्षिण पूर्व रेलवे ने रांची रेल मंडल में दो अहम अधिकारियों के पद में बदलाव किया है. इस संबंध में 26 मार्च को कोलकाता स्थित गार्डेन रीच मुख्यालय से आधिकारिक आदेश जारी किया गया. यह निर्णय रेलवे के जनरल मैनेजर की मंजूरी के बाद लिया गया है.
दोनों अधिकारियों के बीच सीधी अदला-बदली
रेलवे द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब तक सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर (Sr. DCM/RNC) के पद पर कार्यरत सूची सिंह को पोस्टिंग ऑफिसर/आरसीटी बनाया गया है. वहीं, इस पद पर पहले से तैनात श्रेया सिंह को अब सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर की जिम्मेदारी सौंपी गयी है. यानी दोनों अधिकारियों के बीच सीधे तौर पर पदों की अदला-बदली की गयी है.
सीबीआई कार्रवाई के बाद लिया गया फैसला
मालूम हो कि हाल ही में हटिया स्थित मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में सीबीआई की टीम ने छापेमारी की थी. इस दौरान रेलवे के चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया था.
पूछताछ के बाद बढ़ी हलचल
इस मामले में सीनियर डीसीएम सूची सिंह से भी पूछताछ की गयी थी, जिसके बाद पूरे रेल मंडल में हलचल मच गयी थी.
प्रशासनिक दृष्टि से अहम निर्णय
सीबीआई कार्रवाई के बाद रेलवे प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए रांची रेल मंडल में तैनात प्रमुख अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है. इसे प्रशासनिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है.
Also Read: Dhanbad: बिजली बकाया पर राहत, चार किस्तों में भुगतान की सुविधा, बहाल होंगे कनेक्शन
The post रांची रेल मंडल में बड़ी सर्जरी: CBI रेड के बाद सीनियर DCM सूची सिंह हटायी गयीं, श्रेया सिंह संभालेंगी कमान appeared first on Prabhat Khabar.




