![]()
भास्कर न्यूज | चाईबासा जिला समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में डीडीसी उत्कर्ष कुमार की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की उपस्थिति में ईद-उल-फितर, सरहुल, रामनवमी, चैत्र नवरात्र, चैती छठ के दौरान क्षेत्र में बेहतर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त ने जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सीओ व थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक का आयोजन करें। जुलूस या कार्यक्रमों में सम्मिलित होने वाले सभी लाइसेंसी अखाड़े, गैर लाइसेंसी अखाड़े एवं सामजिक व्यक्तियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश देना सुनिश्चित करें। वहीं संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर उक्त स्थलों पर विधि-व्यवस्था से संबंधित अगर कोई भी मामला है, तो उसका निपटारा करें। आयोजित कार्यक्रम की जानकारी पूर्व में ही प्राप्त कर लेंगे। बैठक में निर्देश दिया गया कि संबंधित इलाके के एसडीओ व एसडीपीओ सरहुल और रामनवमी के अवसर पर पूजा स्थलों और स्थलों से निकलने वाले जुलूस के लिए निर्धारित मार्ग का स्वयं भौतिक सत्यापन करेंगे। निर्धारित मार्ग में किसी भी प्रकार का कोई बिल्डिंग मेटेरियल अगर रहे, तो उसे वहां से अविलंब हटवाएं। बिजली विभाग को निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान संबंधित रूट की बिजली आपूर्ति सुरक्षा के मद्देनजर बंद रखेंगे। साथ ही पूर्व में लो हनागिंग वायर की जांच करना सुनिश्चित करेंगे और ऐसे स्थिति में मार्ग में समुचित लाइट की व्यवस्था भी करेंगे। वहीं सरहुल और रामनवमी के अवसर पर आयोजित जुलूस की निगरानी और जुलूस मार्ग में पड़ने वाले ऊंची इमारतों के छत का ड्रोन कैमरे की मदद से निगरानी करना सुनिश्चित करेंगे। बैठक में चाईबासा सदर, जगन्नाथपुर,चक्रधरपुर अनुमंडल के वरीय पदाधिकारी समेत जिले के सीओ-बीडीओ और थाना प्रभारी, सिविल सर्जन आदि मौजूद थे।
रामनवमी जुलूस की ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी
Date:




