![]()
पलामू जिले में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। यहां पांच जेसीबी ऑपरेटरों से रूस में नौकरी का झांसा देकर 6 लाख 25 हजार रुपए ठग लिए गए। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उंटारी थाना क्षेत्र के जोगा गांव के संतोष कुमार पाल, आशीष चंद्रवंशी, विकास नारायण पाल, लवलेश चौधरी और संजीत पाल ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ितों ने बताया कि उन्हें रूस में जेसीबी ऑपरेटर की नौकरी का लालच दिया गया था। पिछले साल 16 नवंबर से 11 दिसंबर के बीच उनसे यह रकम वसूली गई। ठग ने पीड़ितों के पासपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी ले लिए हैं। उन्हें जो नियुक्ति पत्र दिया गया था, वह भी फर्जी निकला। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और नावाजयपुर इलाके में प्रज्ञा केंद्र चलाने वाले अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले का निवासी बताया जा रहा है। पलामू के नावाजयपुर में वह प्रज्ञा केंद्र चलाता है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि विदेश में नौकरी के नाम पर किसी भी अनजान व्यक्ति या एजेंसी पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें, ताकि ऐसी ठगी से बचा जा सके।
रूस में नौकरी के नाम पर 6.25 लाख की ठगी:अयोध्या के युवक ने दिया फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, चलाता था प्रज्ञा केंद्र; गिरफ्तार
Date:




